दुर्ग: घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर घायल — आरोपी महिला गिरफ्तार
दुर्ग/मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में एक महिला ने घर में घुसकर मां और उसके मासूम बेटे की हत्या कर दी, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 8:00 बजे आरोपीया सरोजनी भारद्वाज (25 वर्ष), निवासी ग्राम हल्दीडीह थाना जैजैपुर जिला सक्ती, हाल निवासी आशा नगर सिकोला भाठा थाना मोहन नगर, ने एसटीएफ कॉलोनी डी-ब्लॉक फ्लैट नंबर D-15 (निवास—एसटीएफ आरक्षक ललितेश यादव) में जबरन प्रवेश किया।
आरोपीया ने घर में मौजूद ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव (35 वर्ष), उनकी पुत्री नैना यादव (12 वर्ष) एवं पुत्र आदित्य यादव (08 वर्ष) पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद पड़ोसियों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल हाईटेक हॉस्पिटल, स्मृति नगर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रीना यादव एवं उनके पुत्र आदित्य यादव की मृत्यु हो गई। घायल नैना यादव का उपचार जारी है।
प्रकरण में प्रार्थी एसटीएफ आरक्षक अमीष यादव की रिपोर्ट पर आरोपीया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) एवं धारा 109 (हत्या का प्रयास/अपराध का प्रयास) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपीया सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या के कारणों के संबंध में उससे पूछताछ कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।