मुख्यमंत्री साय करेंगे CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ, अब शिकायतें सीधे पहुंचेंगी मुख्यमंत्री सचिवालय तक
रायपुर/ छत्तीसगढ़ के नागरिकों को बेहतर और त्वरित शिकायत निवारण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर स्थित महानदी भवन (मंत्रालय) में कैबिनेट बैठक के बाद CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ करेंगे।
इस नई व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश के नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंचा सकेंगे। हेल्पलाइन का उद्देश्य शिकायतों के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निराकरण को सुनिश्चित करना है। शुभारंभ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे।
CM हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिक सफाई व्यवस्था में लापरवाही, पेंशन संबंधी समस्याएं, पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने, सरकारी कर्मचारियों द्वारा रिश्वत मांगने, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत की स्थिति ऑनलाइन देखने की व्यवस्था भी की गई है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत का स्टेटस ट्रैक कर सकेंगे।
सरकार ने शिकायत दर्ज कराने के लिए कई माध्यम उपलब्ध कराए हैं। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
राज्य सरकार का लक्ष्य केवल शिकायतों का औपचारिक निपटारा करना नहीं, बल्कि निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।