भिलाई में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग से चेन लूट का खुलासा, सगे मां-बेटे निकले आरोपी
भिलाई/मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की सनसनीखेज वारदात का भिलाई पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने सगे मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन लूट ली थी, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6:10 बजे की है। सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 निवासी 70 वर्षीय उमा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार एक महिला और युवक उनके पास पहुंचे। बाइक से उतरी महिला ने लकड़ी की मदद से फूल तोड़ने की बात कहकर उमा देवी को बातचीत में उलझा लिया। मौका मिलते ही महिला ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने भिलाई भट्ठी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने कैंप-1 शांतिपारा निवासी जी. गौतम (20) और उसकी मां जे. पार्वती (48) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रिश्ते में सगे मां-बेटे हैं और उन्होंने मिलकर पूरी वारदात की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने की कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों ने पूर्व में भी इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।