दुर्ग में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, 3 नए मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

दुर्ग में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, 3 नए मरीज मिले; स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

दुर्ग/जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार (8 सितंबर 2026) को जिले में स्वाइन फ्लू के 3 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिनका इलाज निजी अस्पतालों में जारी है। इसके साथ ही जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है, जबकि राहत की बात यह है कि अब तक 21 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय से जारी आंकड़ों के अनुसार, 5 अगस्त 2026 से 8 सितंबर 2026 तक जिले में कुल 40 स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में सक्रिय 19 मरीजों में से 12 का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है।  कलेक्टर के निर्देशानुसार सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी, जिला सर्वेलेंस अधिकारी (IDSP) डॉ. सी.बी.एस. बंजारे तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (NHM) सुश्री भूमिका वर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य अमला लगातार सक्रिय है। नए केस सामने आने के बाद विभाग द्वारा मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है और नियमित रूप से उनकी सेहत की मॉनिटरिंग की जा रही है।

अस्पतालों में स्थिति:

  • NHMMI रायपुर: 2 नए मरीज भर्ती
  • सुयश अस्पताल, रायपुर: 1 नया मरीज भर्ती
  • हाईटेक अस्पताल, भिलाई: 4 पुराने मरीज उपचाराधीन
  • स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, भिलाई: 2 मरीज उपचाराधीन
  • पल्स, मित्तल व रामकृष्ण केयर अस्पताल: 1-1 मरीज भर्ती
  • होम आइसोलेशन: 7 मरीज

स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, तेज बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लें।