दुर्ग में गैंग हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 50 पर कार्रवाई; 2100 से अधिक बदमाशों का रिकॉर्ड अपडेट
दुर्ग/ जिले में सक्रिय एवं स्थाई गैंग हिस्ट्रीशीटरों और आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर नियंत्रण तथा अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान, चेकिंग और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के सत्यापन के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर लगभग 50 गैंग हिस्ट्रीशीटरों का बाउंड ओवर कराया गया और एमसीयू की कार्रवाई की गई। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों और अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन कर पुलिस अभिलेखों को अद्यतन किया गया।
पुलिस के अनुसार, गैंग हिस्ट्रीशीटरों एवं उनके संपर्क में रहने वाले संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हिस्ट्रीशीट और अन्य पुलिस रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट किए जाने से संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी पुलिस के पास उपलब्ध रहेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम और नियंत्रण में मदद मिलेगी।
दुर्ग जिले में अब तक लगभग 2100 आदतन बदमाशों एवं गैंग हिस्ट्रीशीटरों का एमसीयू कराया जा चुका है। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार बाउंड ओवर की कार्रवाई और उनकी गतिविधियों की निगरानी आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गैंग हिस्ट्रीशीटरों की पहचान, चेकिंग, रिकॉर्ड सत्यापन, एमसीयू और बाउंड ओवर की कार्रवाई समन्वित रूप से की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।