दुर्ग में PM आवास योजना के तहत 743 मकानों के लिए आवेदन शुरू, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी प्राथमिकता

दुर्ग में PM आवास योजना के तहत 743 मकानों के लिए आवेदन शुरू, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी प्राथमिकता

दुर्ग/नगर पालिक निगम दुर्ग प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत संचालित “मोर मकान–मोर आस” योजना के तहत नगर निगम दुर्ग क्षेत्र में निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों के आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य किराये के मकानों में निवासरत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वयं का पक्का आवास उपलब्ध कराना है।नगर निगम क्षेत्र में 31 अगस्त 2024 के पूर्व से निवासरत पात्र हितग्राही योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। नगर निगम द्वारा गोकुल नगर पुलगांव, माँ कर्मा हाइट्स बोरसी एवं सरस्वती नगर परियोजनाओं में कुल 743 रिक्त आवासों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है।योजना के तहत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन के नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। भूतल के आवासों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जबकि अन्य शेष आवासों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।

परियोजनावार आवासों का विवरण

गोकुल नगर, पुलगांव: भूतल 103 एवं अन्य 196, कुल 299 आवास।

माँ कर्मा हाइट्स, बोरसी: भूतल 12 एवं अन्य 30, कुल 42 आवास।
सरस्वती नगर: भूतल 63 एवं अन्य 339, कुल 402 आवास।इस प्रकार तीनों परियोजनाओं में कुल 743 आवास उपलब्ध हैं, जिनमें 178 भूतल के आवास तथा 565 अन्य आवास शामिल हैं।पात्र हितग्राही निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर नगर निगम डेटा सेंटर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा एवं सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित संबंधित कार्यालय से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदकों को निर्धारित पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।नगर निगम प्रशासन ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर “मोर मकान–मोर आस” योजना का लाभ उठाएं। आवास आवंटन एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी नगर निगम दुर्ग के प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।