दुर्ग में जनगणना 2027 का बिगुल, 16 अप्रैल से 30 मई तक चलेगा अभियान
दुर्ग/ नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में 1 मई से 30 मई 2026 तक तथा स्व-गणना का कार्य 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित अवधि में संपन्न किया जाएगा। जनगणना के सफल संचालन के लिए आमजन की जागरूकता एवं सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है।नगर निगम क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके अंतर्गत नगर निगम द्वारा कचरा संग्रहण वाहनों में ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले और नोटिस बोर्ड पर जनगणना से संबंधित वीडियो, स्लोगन एवं अन्य सामग्री प्रदर्शित की जाएगी।शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं ट्रैफिक सिग्नलों पर उपलब्ध ऑडियो सिस्टम एवं सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से भी जनगणना संबंधी संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय केबल नेटवर्क एवं जिला स्तरीय आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर व्यापक प्रचार किया जाएगा।जनसंपर्क को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रिंट मीडिया, होर्डिंग्स एवं बैनर आदि को स्कूलों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक जानकारी पहुंच सके।उल्लेखनीय है कि 16 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना के प्रचार-प्रसार तथा 1 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जाएंगी। निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।