दूसरे के नाम पर फाइनेंस कराए मोबाइल-एसी, किस्त नहीं पटाई; आरोपी गिरफ्तार

दूसरे के नाम पर फाइनेंस कराए मोबाइल-एसी, किस्त नहीं पटाई; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/थाना सुपेला पुलिस ने फाइनेंस के माध्यम से मोबाइल, एसी, एलईडी टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदकर उनकी किस्तें नहीं चुकाने और दूसरे व्यक्ति के नाम का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका परिचित शेखर देशमुख अपने साथी अनुराग देशमुख के साथ सुपेला स्थित अंश मोबाइल दुकान पहुंचा और उसके नाम पर बजाज फाइनेंस के जरिए आईफोन फाइनेंस कराया। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने प्रार्थी के नाम का उपयोग कर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से मोबाइल, एसी, एलईडी टीवी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी फाइनेंस पर प्राप्त कर लिए।शुरुआत में आरोपियों द्वारा कुछ किस्तों की राशि प्रार्थी के बैंक खातों में जमा कराई जाती रही, जिससे फाइनेंस की किश्तें नियमित कटती रहीं। बाद में आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया, जिसके चलते प्रार्थी के खाते से राशि कटने लगी। इस दौरान विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के प्रति 1 लाख 73 हजार 513 रुपये की देय राशि शेष रह गई, वहीं प्रार्थी के खाते से भी 16 हजार रुपये की कटौती हुई।मामले की जांच के बाद थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 833/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी शेखर देशमुख (26 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अन्य व्यक्तियों के नाम और दस्तावेजों का उपयोग कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से फाइनेंस सुविधा प्राप्त की तथा किस्तों का भुगतान नहीं कर वित्तीय कंपनियों और संबंधित व्यक्ति को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।थाना प्रभारी विजय यादव के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उपनिरीक्षक पारस ठाकुर, प्रधान आरक्षक शुबोध पाण्डेय तथा आरक्षक उपेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र पटेल और गोपाल लामा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।