विश्व योग दिवस: आईएनओ के अभियान से छत्तीसगढ़ में 11,500 लोगों ने एक साथ किया योग, बना नया कीर्तिमान
भिलाई/आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) एवं आई एम सूर्या फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 1 जून से 21 जून तक छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम, केंद्रीय जेल, अग्निशमन विभाग, नगर सेवा विभाग, विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्योगों तथा सार्वजनिक स्थलों सहित विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया गया।
आईएनओ के प्रदेश महासचिव मनोज ठाकरे ने बताया कि प्रदेश के 32 जिलों में 175 स्थानों पर लगभग 11,500 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। संगठन के योग प्रशिक्षकों ने 45 मिनट के योग सत्र में विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराने के साथ उनके स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग 18 वृद्धाश्रमों में 725 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को भुजंगासन, कपालभाति, भ्रामरी, ताड़ासन, पदहस्तासन, भद्रासन, त्रिकोणासन एवं वक्रासन सहित विभिन्न योगासन का अभ्यास कराया गया। वहीं विभिन्न केंद्रीय जेलों में भी महिला एवं पुरुष बंदियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, बस्तर, कांकेर, बालोद, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कवर्धा, डोंगरगढ़ सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
भिलाई के पायनियर स्मारक परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विशाल सामूहिक योग कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद विजय बघेल एवं वरिष्ठ उद्यमी उमेश चितलांगिया ने किया। मुख्य योग प्रशिक्षिका श्रीमती ममता साहू, सह प्रशिक्षिका श्रीमती मीरा सिंह एवं आचार्य जितेंद्र साहू ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार 45 मिनट तक योगाभ्यास कराया, जिसमें विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष के 365 दिन नियमित योग करना चाहिए। वहीं आर्य समाज के विद्वान डॉ. अजय आर्य ने कहा कि प्राचीन ऋषि-मुनियों की योग परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा आयुष मंत्रालय की ओर से ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। योगाभ्यास के बाद दुर्ग साइंस कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्राकृतिक अंकुरित आहार, फल एवं आम पना वितरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बालूराम वर्मा, प्रशांत क्षीरसागर, ओपी चौधरी, श्रीमती ममता साहू, श्रीमती मधु पडा, आरती शर्मा, आचार्य अंकित शास्त्री, विनोद राय, डॉ. प्रमोद नामदेव, किशोर कन्नौजे, डॉ. निर्मला गुप्ता, डॉ. मेघराज साहू, योग थैरेपिस्ट भूपेश साहू सहित अनेक योग प्रशिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन नीता चौरसिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती ममता उगले ने किया। आयोजन में महर्षि दयानंद आर्य विद्यालय, डीएवी इंग्लिश मीडियम स्कूल, एसएनजी स्कूल, गुरु नानक इंग्लिश मीडियम स्कूल सहित अनेक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर योग महोत्सव को सफल बनाया।