भिलाई में पिकअप हटाने को लेकर खूनी बवाल, जैक रॉड-हॉकी स्टिक से हमला; 4 गिरफ्तार
भिलाई/सड़क किनारे खड़ी पिकअप हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के डबरापारा पुल के नीचे चार लोगों ने एक परिवार पर जैक रॉड और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों को गंभीर चोटें आईं। मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को दक्षिण डबरापारा निवासी पूजा साहू अपने परिवार के साथ हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ से घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे सड़क किनारे एक पिकअप वाहन खड़ा होने से उनकी कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी। वाहन हटाने के लिए चालक सोहन वर्मा को बुलाया गया, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
कुछ देर बाद पूजा साहू के पति निलेश साहू भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान सोहन वर्मा अपने साथ मोहन वर्मा, रामगोपाल वर्मा और राजा राजपूत को लेकर पहुंचा। आरोप है कि चारों ने मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और पिकअप में रखे लोहे के जैक रॉड तथा हॉकी स्टिक से निलेश साहू और तेजराम साहू के सिर व पैरों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची सैलजा साहू के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना में अपराध क्रमांक 399/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में आरोपियों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर 30 जुलाई को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का जैक रॉड और हॉकी स्टिक भी बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सोहन वर्मा (31), निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई-03
मोहन वर्मा (43), निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई-03
रामगोपाल वर्मा (72), निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई-03
राजा राजपूत (22), मूल निवासी ग्राम सोडही मराठी, जिला मुंगेली, हाल निवासी डबरापारा, दक्षिण भिलाई