भाजपा महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन विस्तार पर जोर
दुर्ग/ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक आज भाजपा जिला कार्यालय में उत्साह एवं संगठनात्मक वातावरण के बीच संपन्न हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चन्द्राकर की अध्यक्षता रही।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा दुर्ग की प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश सह कार्यालय मंत्री श्रीमती तिलेश्वरी धुरंधर उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती कुमुद बघेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती योगिता सिन्हा, सुश्री सरिता मिश्रा, श्रीमती माया बेलचंदन एवं श्रीमती ममता देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर हुआ मंथन
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। महिला मोर्चा को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक चर्चा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती तिलेश्वरी धुरंधर ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि महिला शक्ति भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सेवा, समर्पण एवं संगठन के मूल मंत्र के साथ कार्य करे और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाए।
महिला कार्यकर्ता संगठन की शक्ति हैं – सुरेंद्र कौशिक
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान संगठन की मजबूती का आधार होता है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने सदैव संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की है। आने वाले समय में सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लें तथा बूथ स्तर तक पार्टी की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चन्द्राकर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने, महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने तथा समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिला मोर्चा की संगठित एवं सक्रिय टीम आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त एवं जनहित के कार्यों के प्रति समर्पित रहने के संकल्प के साथ हुआ। सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मंच संचालन महामंत्री श्रीमती ममता राव एवं आभार महामंत्री श्रीमती भारती साहू ने किया इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला के समस्त पदाधिकारी एवं मंडल की अध्यक्ष बहाने एवं उनके महामंत्री मौजूद रहे।