मिलेट से महिला उद्यमिता और स्टार्टअप से युवा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा, दुर्ग में राज्यपाल रमेन डेका ने किया योजनाओं का शुभारंभ

मिलेट से महिला उद्यमिता और स्टार्टअप से युवा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा, दुर्ग में राज्यपाल रमेन डेका ने किया योजनाओं का शुभारंभ

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू), भिलाई द्वारा बीआईटी दुर्ग परिसर में ‘महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता एवं स्टार्टअप अभिनंदन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल  रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने 72 महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेट हेल्थ कार्ट तथा 24 नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को कुल ₹50 लाख की इग्निशन ग्रांट प्रदान की। इस अवसर पर सांसद  विजय बघेल, विधायक  ललित चंद्राकर, विधायक  रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष  प्रेमप्रकाश पाण्डेय, महापौर श्रीमती अल्का बाघमार और सहकार भारती के  कलीराम शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राज्यपाल  रमेन डेका ने कहा कि नारी शक्ति और युवा नवाचार के माध्यम से नए छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि मिलेट महिला स्व-सहायता समूहों के लिए पोषण के साथ आय का नया जरिया बन रहा है। मिलेट हेल्थ कार्ट प्राप्त करने वाले समूहों को उत्पाद निर्माण, एफएसएसएआई मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, व्यवसाय प्रबंधन और विपणन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं को असफलताओं से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सांसद  विजय बघेल ने मिलेट को ‘श्री अन्न’ के रूप में बढ़ावा देने की बात कही, जबकि विधायक  ललित चंद्राकर ने महिला समूहों और स्टार्टअप्स को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। विधायक  रिकेश सेन ने स्टार्टअप योजना को छत्तीसगढ़ के विकास की रीढ़ बताया। कार्यक्रम में सीएसवीटीयू के कुलपति डॉ. अरुण अरोड़ा सहित विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राध्यापक, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और युवा उपस्थित रहे।