दुर्ग के सभी 60 वार्डों में साइबर जागृति अभियान, 6 हजार नागरिकों को किया जागरूक
दुर्ग/छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने नगर निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के माध्यम से लगभग 6 हजार नागरिकों को साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को शामिल कर साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने नागरिकों को OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की समझाइश दी। इसके अलावा लॉटरी, इनाम, निवेश और नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई।
दुर्ग शहर में थाना स्तर पर कोतवाली क्षेत्र में 23, मोहन नगर में 17, पद्मनाभपुर में 17 और पुलगांव क्षेत्र में 03 वार्डों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस तरह सभी 60 वार्डों तक साइबर जागरूकता अभियान पहुंचाया गया। पुलिस टीमों के साथ वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से साइबर सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश से सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें, ताकि ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सके।