मजाक से शुरू हुआ विवाद पहुंचा जानलेवा हमले तक, कैब चालक के पेट पर किए कई वार
भिलाई/ हाउसिंग बोर्ड चरोदा में शराब पीने के दौरान मजाक करने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने कैब चालक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए किचन में रखे सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से कैब चालक के पेट पर कई वार किए। शिकायत के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगा हथियार बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार घटना 16 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे की है। कैब चालक डी. अनिवेश राव हाउसिंग बोर्ड चरोदा निवासी दुर्गेश पनागर के परिवार को उनके घर छोड़ने गया था। परिवार को छोड़ने के बाद दुर्गेश पनागर ने उसे खाना खाने के लिए रुकने कहा। इसके बाद वह वहीं रुक गया और दुर्गेश पनागर तथा उसके साले अविनाश मगरवंशी के साथ बैठकर शराब पीने लगा।इसी दौरान मजाक करने की बात को लेकर अनिवेश राव और अविनाश मगरवंशी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अविनाश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और किचन में रखा धारदार हथियार उठाकर कैब चालक के पेट पर कई बार वार कर दिए। हमले में कैब चालक घायल हो गया।घटना की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 519/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को आरोपी के राकुंका क्षेत्र में होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा धारदार हथियार बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अविनाश मगरवंशी (21), निवासी नुसगड़, थाना सलिया, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा, हाल ग्राम दादर चरोदा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।