दुर्ग : ट्रैफिक चालान और टोल के मैसेज ने खोला राज, दूसरे वाहन का नंबर इस्तेमाल करने वाले दो गिरफ्तार
दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में दूसरे वाहन के पंजीयन नंबर के दुरुपयोग और बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन की खरीदी-बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिंधिया नगर, दुर्ग निवासी रोहित कुमार कंकरिया (51) और नेहरू नगर, भिलाई निवासी अनूप रावलानी (55) शामिल हैं। यह कार्रवाई थाना मोहन नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 600/2026 की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई। मामले में पूर्व में विजय सेन की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन की खरीदी-बिक्री और दूसरे वाहन के पंजीयन क्रमांक के इस्तेमाल से संबंधित जानकारी सामने आई।
बताया गया है कि दूसरे वाहन के पंजीयन नंबर के इस्तेमाल के कारण वास्तविक वाहन स्वामी को ट्रैफिक चालान और टोल राशि से जुड़े संदेश मिलने लगे थे। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में धारा 336(3), 340(2), 345(3), 347(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वाहन के पंजीयन, खरीदी-बिक्री और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।