विश्व गौरैया दिवस पर पक्षियों के संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान, सकोरे बांटकर दिया संदेश

भिलाई/ विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेवी प्रशांत कुमार क्षीरसागर द्वारा पक्षियों की घटती संख्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार व साथियों के साथ मिलकर लोगों को गौरैया संरक्षण के लिए प्रेरित किया तथा सकोरे (पानी के पात्र) वितरित किए।प्रशांत कुमार क्षीरसागर ने बताया कि विश्व गौरैया दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य गौरैया सहित अन्य छोटे पक्षियों की घटती संख्या के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि शहरीकरण, प्रदूषण, कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग, आवास की कमी और भोजन की उपलब्धता घटने के कारण गौरैया की संख्या तेजी से कम हो रही है।उन्होंने इस वर्ष की थीम “छोटे पक्षियों को बचाना, अपने भविष्य को बचाना” पर जोर देते हुए कहा कि गौरैया पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ये पक्षी कीट नियंत्रण, परागण और बीज प्रसार में सहायक होते हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता को बनाए रखने में मदद मिलती है।अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों में गौरैया के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करें, छोटे घोंसले लगाएं और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। साथ ही, लोगों को प्रेरित किया गया कि वे अपने घरों और आसपास के स्थानों में पक्षियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करें।इस कार्यक्रम में ओम क्षीरसागर, पियूष क्षीरसागर, सिद्धांत क्षीरसागर, राहुल बौसाई, आदित्य नारायण शर्मा, मृणाल दत्ता, योगेश उषा क्षीरसागर एवं प्रांजली क्षीरसागर सहित कई लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि वे गौरैया सहित सभी पक्षियों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करेंगे और समाज में जागरूकता फैलाएंगे।