जगन्नाथ धाम की थीम पर सजा पद्मनाभपुर का दुर्गा पंडाल, दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु, 32वें वर्ष भी श्री नव युवक दुर्गोत्सव समिति ने स्थापित की माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा, चलित झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
दुर्ग/शहर के पद्मनाभपुर स्थित जनता मार्केट में श्री नव युवक दुर्गोत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी नवरात्र पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। समिति के दुर्गा पंडाल को जगन्नाथ धाम पुरी की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहां माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा रथ पर विराजमान है। नवरात्र के पहले दिन से ही भगवान जगन्नाथ की चलित झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। पंडाल में माँ दुर्गा के दर्शन और चलित झांकी देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
शहर की प्रमुख दुर्गोत्सव समितियों में शामिल श्री नव युवक दुर्गोत्सव समिति इस वर्ष 32वें वर्ष भी भव्य आयोजन कर रही है। समिति द्वारा पंडाल में आकर्षक साज-सज्जा और रंग-बिरंगी लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। भगवान जगन्नाथ धाम पुरी की थीम पर आधारित पंडाल श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए चलित झांकी का निःशुल्क प्रदर्शन किया जा रहा है।
समिति के सदस्य एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समिति द्वारा नवरात्र पर्व पर विशेष तैयारियां की गई हैं। आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण का अनुभव कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को पंचमी के अवसर पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं, सप्तमी को माँ शाकम्भरी पूजा संपन्न होगी। इसके अलावा 19 अक्टूबर को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर माँ दुर्गा के दर्शन करने, धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।