रकम दोगुना और लोन के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने रकम दोगुना करने और लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है, जिसमें 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लक्ष्मी टाण्डी (30 वर्ष) निवासी रायपुर नाका, पद्मनाभपुर ने प्रार्थी सारपल्ली भास्कर को 6 माह में रकम दोगुना करने का लालच देकर करीब 3 लाख रुपये नगद और 7 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करवाए। इसके अलावा आरोपी ने कविता श्रीवास्तव को लोन दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नगद लेकर ठगी की।
दोनों मामलों में थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 209/2026 एवं 210/2026 धारा 318(4) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना सुपेला में भी अपराध क्रमांक 813/2024 दर्ज है। प्रकरण में प्रयुक्त बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच, निवेश योजना या लोन के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।