थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग /दुर्ग पुलिस ने थाना उतई परिसर में वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन विश्वास” के तहत की गई, जिसमें पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर त्वरित जांच की।
पुलिस के अनुसार, एक युवक द्वारा थाना परिसर के अंदर रील बनाकर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था। जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो थाना परिसर के भीतर ही बनाया गया था, जिससे प्रशासनिक परिसर की गरिमा प्रभावित हुई। इसके बाद थाना उतई पुलिस ने वीडियो में शामिल दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से थाना नेवई में आपराधिक मामला दर्ज है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 66-141/2026 के तहत धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू (27 वर्ष) और कनक चतुर्वेदी (24 वर्ष) निवासी स्टेशन पारा मरौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से वीडियो बनाने में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के उद्देश्य से थाना परिसर में रील बना रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय या प्रशासनिक भवन, विशेषकर थाना परिसर में वीडियो या रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। ऐसे कृत्य कानूनन अपराध हैं और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।