चेम्बर व फायर टीम का संयुक्त प्रयास, मॉकड्रिल से सिखाए गए सुरक्षा के गुर

चेम्बर व फायर टीम का संयुक्त प्रयास, मॉकड्रिल से सिखाए गए सुरक्षा के गुर

भिलाई नगर। अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, दुर्ग द्वारा आज पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों एवं आम नागरिकों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान करना था।
मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन दल ने आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने तथा प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों एवं नागरिकों ने अभ्यास को गंभीरता से देखा और सुरक्षा उपायों के महत्व को समझा।
इस कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग से जिला सेनानी श्री नागेन्द्र सिंह, स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, सह फायर प्रभारी प्रवीण बारा उपस्थित रहे। साथ ही SDRF टीम से श्री धनी राम यादव एवं ईश्वर खरे तथा उनकी टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन व्यापारिक क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इससे दुकानदारों एवं कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव संभव होता है।
चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने कहा कि आगजनी जैसी घटनाएँ अचानक होती हैं, लेकिन यदि पूर्व तैयारी हो तो बड़े नुकसान को रोका जा सकता है। ऐसी मॉकड्रिल समाज में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करती हैं।
चेम्बर चेयरमेन दिनकर बासोतिया ने कहा कि व्यापारी वर्ग एवं आम नागरिकों को सुरक्षा प्रशिक्षण देना समय की आवश्यकता है। अग्निशमन विभाग का यह प्रयास सराहनीय है और चेम्बर हमेशा ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों में सहयोग करता रहेगा।
इस कार्यक्रम के संयोजक श्री भूषण अदलखा रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से व्यापारीगण—अखरज ओस्तवाल, मनोज जैन, नरेश छाबड़ा,अनिल पारख ,पवन जी,धीरेन्द्र खेत्रपाल,सुनील मिश्रा,सहित अन्य व्यापारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में उपस्थित नागरिकों एवं व्यापारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई तथा सभी से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की गई।