5 से 15 हजार के कमीशन में बेच दिए बैंक खाते, साइबर ठगी के 8 आरोपी गिरफ्तार

5 से 15 हजार के कमीशन में बेच दिए बैंक खाते, साइबर ठगी के 8 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन सहित अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में संबंधित बैंक खातों के माध्यम से लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना सुपेला, थाना पुरानी भिलाई और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण और विवेचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई में थाना सुपेला क्षेत्र के एयू बैंक से संबंधित 3 तथा थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित 5 खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों तक बैंक खाते पहुंचाने के लिए एजेंटों का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाताधारकों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन अथवा आर्थिक लाभ देने का लालच दिया जाता था। इसके बदले उनसे बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड प्राप्त किए जाते थे। बाद में इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था। इस तरीके से ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत और उसके लाभार्थियों की पहचान छिपाने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस ने 26 नवंबर को कार्रवाई करते हुए थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1320/2026 और थाना पुरानी भिलाई के अपराध क्रमांक 497/2026 में कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत कार्रवाई की है।
इन 8 खाताधारकों पर हुई कार्रवाई
थाना सुपेला क्षेत्र के एयू बैंक से संबंधित खाताधारकों में जावेद खान (24 वर्ष), निवासी शांति नगर, भिलाई-03, सोहेल असरफ खान (29 वर्ष), निवासी अय्यप्पा नगर, सुपेला और मंजीत कौर, निवासी आकांक्षा कुंज, शिव मंदिर, भिलाई, वर्तमान पता श्याम नगर, बोरसी शामिल हैं।
वहीं, थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित खाताधारकों में गुरुद्वीप सिंह चिड्डा उर्फ राहुल (30 वर्ष), निवासी कुम्हारी, विकास कुमार राणा (23 वर्ष), तरुण कुमार पटेल (24 वर्ष) और मुन्नवर खान (30 वर्ष), निवासी भिलाई-03 तथा परमीली राजेश कुमार (33 वर्ष), निवासी आदर्श नगर, कैम्प-01, छावनी शामिल हैं।
बैंक खाता देने से पहले बरतें सावधानी
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल सिम अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। किसी अन्य व्यक्ति को बैंक खाता उपलब्ध कराने पर उसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में हो सकता है और खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
पुलिस ने कहा है कि बैंक खाते या बैंकिंग दस्तावेजों का दुरुपयोग होने की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित बैंक अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।