प्रेम संबंध में शक ने ली जान: युवती की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

प्रेम संबंध में शक ने ली जान: युवती की गला दबाकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध में विवाद एक युवती की हत्या का कारण बन गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को एक युवती की संदिग्ध मृत्यु की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), निवासी देंगरापार, जिला बालोद अपनी परिचित युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष), निवासी खैरागढ़ को पुलगांव स्थित किराये के कमरे से सुभाष नगर, पद्मनाभपुर स्थित अपने किराये के कमरे में लेकर आया था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध को लेकर संदेह और विवाद उत्पन्न हुआ। इसी दौरान आरोपी ने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में धारा 103(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना जारी है। घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत विवाद या तनाव की स्थिति में कानून को हाथ में न लें, बल्कि पुलिस से संपर्क कर वैधानिक तरीके से समस्या का समाधान करें।