फर्जी हस्ताक्षर कर हड़पना चाहते थे पैतृक जमीन, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

फर्जी हस्ताक्षर कर हड़पना चाहते थे पैतृक जमीन, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

दुर्ग/पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने के मामले में उतई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर भूमि मालिक के नाम से कूटरचित हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार करने तथा जमीन की रजिस्ट्री पत्नी के नाम कराने का आरोप है। पुलिस ने मामले में मूल दस्तावेजों सहित महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।मामला ग्राम डुण्डेरा स्थित पैतृक कृषि भूमि से जुड़ा है। प्रार्थी पन्ना लाल साहू, उम्र 47 वर्ष, निवासी शास्त्री चौक ग्राम डुण्डेरा ने 26 नवंबर 2026 को वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके पिता स्व. बोधीराम साहू की स्वामित्व एवं आधिपत्य वाली कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और उनके सहयोगियों ने आपसी मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। शिकायत के अनुसार, आरोपी शिवकुमार साहू ने अपनी पत्नी सीमा साहू के पक्ष में 24 सितंबर 2022 को कथित रूप से फर्जी इकरारनामा तैयार कराया। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को प्रार्थी के पिता के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किए जाने का आरोप है। इन दस्तावेजों के आधार पर पैतृक कृषि भूमि को छलपूर्वक अपने पक्ष में कराने की कोशिश की गई। प्रार्थी ने संबंधित दस्तावेजों में दर्ज हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई थी। जांच रिपोर्ट में इकरारनामा और बिक्री नामा में दर्ज हस्ताक्षर स्व. बोधीराम साहू के नहीं होने की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों एवं साक्ष्यों के आधार पर शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज, बिक्री नामा दिनांक 18 नवंबर 2022 का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट, इकरारनामा दिनांक 24 सितंबर 2022 का मूल स्टाम्प पेपर तथा सीमा साहू से ई-स्टाम्प पेपर दिनांक 14 फरवरी 2023 और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा आपसी मिलीभगत से भूमि मालिक के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार करने और उनके माध्यम से पैतृक कृषि भूमि को पत्नी के नाम कराने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पता

1. शिवकुमार साहू, पिता स्व. महावीर साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
2. श्रीमती सीमा साहू, पति शिवकुमार साहू, निवासी 8/53 राधिका नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
3. कौशल कुमार साहू, पिता आशाराम साहू, निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।