कल्याण-राजधानी सट्टा गेम में संलिप्त आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

कल्याण-राजधानी सट्टा गेम में संलिप्त आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

दुर्ग/ थाना वैशालीनगर पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कल्याण एवं राजधानी नामक सट्टा गेम के जरिए अंकों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जवाहर नगर पुलिया के पास कुछ लोग सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ा था। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान मामले में शामिल एक अन्य आरोपी संतोष शर्मा उर्फ संतन (40 वर्ष), निवासी कैलाशनगर, जामुल को चिन्हित कर 19 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा खेल और खिला रहा था। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना वैशालीनगर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सट्टा या ऑनलाइन सट्टा से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अवैध कार्यों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।