AI वीडियो विवाद: दुर्ग में सियासत गरम, कांग्रेस ने उठाए कड़े सवाल
दुर्ग /दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री निकिता मिलिंद ने जारी प्रेस बयान में कहा है कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप आम बात है, लेकिन किसी का आपत्तिजनक AI वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना बेहद ही निम्न स्तर की राजनीति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के साथ एक पूर्व महिला अधिकारी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल किया जाना बेहद निंदनीय है। इस तरह किसी के चरित्र पर कीचड़ उछालने के लिए AI तकनीक का दुरुपयोग किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
निकिता मिलिंद ने सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? ऐसे आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने में देरी क्यों हो रही है?
उन्होंने महिला सम्मान के मुद्दे पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला की छवि को इस तरह से खराब किया जा रहा है, तो महिला अधिकारों की बात करने वाले संगठन इस मामले में चुप क्यों हैं?
प्रेस बयान में आगे कहा गया कि समाज में फैल रही इस तरह की डिजिटल गंदगी के खिलाफ हर व्यक्ति को आवाज उठानी चाहिए। आज अगर कोई एक व्यक्ति AI वीडियो का शिकार हो रहा है, तो कल कोई भी इसका शिकार हो सकता है।
अंत में उन्होंने मांग की कि इस तरह के फर्जी और आपत्तिजनक कंटेंट फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स को तत्काल ब्लॉक किया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।