भिलाई : नाबालिक से दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा का अवैध मकान बुलडोजर से ध्वस्त

भिलाई : नाबालिक से दुष्कर्म के आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा का अवैध मकान बुलडोजर से ध्वस्त

भिलाई /पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दुष्कर्म प्रकरण के आरोपी के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसके अवैध कब्जे पर बने मकान को बुलडोजर से ढहा दिया। यह कार्रवाई सोमवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम पुरैना निवासी आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ नाबालिक बालिका से दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज है। इस प्रकरण में उसे पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे। इस पर नगर निगम प्रशासन द्वारा विधिवत नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस की अवहेलना की गई।
इसके बाद सोमवार को नगर निगम और थाना पुरानी भिलाई पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पहले मकान में रखे सामान की विधिवत जप्ती कर पंचनामा तैयार किया, फिर बुलडोजर के माध्यम से अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी गंभीर आपराधिक कृत्य में संलिप्त पाया गया है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई पुलिस स्टाफ और नगर निगम की टीम की संयुक्त भूमिका रही।