दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 15 टन से अधिक कोयला जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। थाना खुर्सीपार पुलिस एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15.530 टन कोयला, 3 मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में विजय कुमार केसरवानी, राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार गेट क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। दबिश के दौरान आरोपी विजय केसरवानी ने कोयले के वैध होने के दस्तावेज प्रस्तुत किए, लेकिन जांच में जीएसटी बिल और परिवहन संबंधी दस्तावेज फर्जी पाए गए।
तकनीकी जांच, वित्तीय लेनदेन और मोबाइल साक्ष्यों के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने में राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जब्त कोयले की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कोयले के वास्तविक स्रोत, परिवहन व्यवस्था और संभावित चोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध की जांच जारी है। इस मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 317(4), 336(3) एवं 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।