दुर्ग में वाहन बिक्री घोटाले का खुलासा, रायपुर निवासी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

दुर्ग में वाहन बिक्री घोटाले का खुलासा, रायपुर निवासी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

दुर्ग/वाहन विक्रय एवं स्वामित्व हस्तांतरण के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपने परिजन के नाम दर्ज वाहन को बेचने के लिए एक निजी वाहन क्रय-विक्रय प्लेटफॉर्म की सहायता ली थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वाहन बिक जाने की जानकारी दिए जाने के बावजूद वाहन का स्वामित्व हस्तांतरण नहीं कराया गया और न ही स्क्रैप प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। साथ ही वाहन की वर्तमान स्थिति के संबंध में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मामले की जांच के दौरान प्राप्त आवेदन, दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों के परीक्षण में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और छलपूर्वक कृत्य किए जाने के प्रमाण मिले। इसके आधार पर थाना पद्मनाभपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 316(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी संजय कुमार पटेल (44 वर्ष), निवासी शिव विहार कॉलोनी, थाना अमानाका, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण की आगे की जांच जारी है।
आरोपी का विवरण
संजय कुमार पटेल (44 वर्ष)
निवासी: शिव विहार कॉलोनी, थाना अमानाका, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
जप्त सामग्री
वाहन विक्रय से संबंधित दस्तावेज एवं अभिलेख