भिलाई वासियों के नेतृत्व में अमेरिका के सेंट लुईस में पहली बार हुआ भव्य कवि सम्मेलन
हिंदी-यूएसए के रजत जयंती वर्ष में हुआ महत्वपूर्ण आयोजन, प्रसिद्ध चित्रकार मौर्य की प्रस्तुति भी सराही गई
भिलाई। हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति को समर्पित संस्था हिंदी-यूएसए सेंट लुईस ने वेब्स्टर यूनिवर्सिटी के कम्युनिटी म्यूजिक हॉल एक भव्य हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदी-यूएसए के रजत जयंती (25 वें) वर्ष पर आयोजित इस कवि सम्मेलन में 100 से अधिक हिंदी प्रेमियों ने भाग लिया और हास्य, व्यंग्य, ओज, गीत तथा समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं का भरपूर आनंद लिया। खास बात यह रही कि सेंट लुईस में अपनी तरह का यह पहला हिंदी कवि सम्मेलन था। इसके आयोजन में भिलाई मूल के मयंक जैन एवं उनकी पत्नी डॉ. अंशु जैन ने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई।
आयोजन में सुप्रसिद्ध कवि गजेंद्र सोलंकी एवं भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य तथा संस्कार भारती, दिल्ली से जुड़े वरिष्ठ साहित्यकार राजेश चेतन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन कवियों की अमेरिका यात्रा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद भारत सरकार के सहयोग से आयोजित की गई।
इस अवसर पर प्रसिद्ध चित्रकार, चिंतक एवं समाजसेवी बाबा सत्यनारायण मौर्य ने अपनी अनूठी प्रस्तुति दी। उन्होंने “भारत माता की आरती” के साथ भगवान हनुमान एवं भारत माता का सजीव चित्रांकन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इन तीनों कलाकारों ने लगभग एक माह के अमेरिका दौरे के दौरान अटलांटा (जॉर्जिया), एडिसन (न्यू जर्सी), टेमेकुला (कैलिफोर्निया) सहित विभिन्न शहरों में कवि सम्मेलन आयोजित किए। इस श्रृंखला का अंतिम कार्यक्रम सेंट लुइस, मिसौरी में आयोजित हुआ।
लगभग तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम के विशेष अतिथियों में दुर्गा मंदिर सेंट लुईस की नेतृत्व टीम के सदस्य रवि मल्होत्रा एवं सुरिंदर सभरवाल ने भी भाग लिया।वहीं कपिल खत्री, जितेश गुप्ता, विशाल सिंह, नेहा विजय, सीमा जैन, निधि चौधरी, अनुपमा सिंह, वंदना सिंह, बरखा रावत, हर्षा गुप्ता, करिश्मा खन्ना सहित अनेक लोगों ने आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।