जिला अस्पताल दुर्ग में डॉक्टर की कथित लापरवाही का मामला, जांच की मांग

जिला अस्पताल दुर्ग में डॉक्टर की कथित लापरवाही का मामला, जांच की मांग

दुर्ग/अय्यूब खान, सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिनों पूर्व 5 जून को रात्रि 11 बजे की एक घटना में दुर्ग जिला अस्पताल में डॉक्टर की घोर लापरवाही और गलत जानकारी देने का मामला सामने आया है।उन्होंने बताया कि मरीज आलिया खान, जो नीट की तैयारी कर रही छात्रा है और जिसकी परीक्षा आगामी दिनों में प्रस्तावित है, तेज बुखार होने के कारण जिला अस्पताल दुर्ग लाई गई थी। वहां उपस्थित डॉक्टर ने कठोर रवैया अपनाते हुए यह कहकर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया कि “उसका किडनी-लीवर खराब है, इसका इलाज यहाँ नहीं होगा, मेकाहारा रायपुर ले जाएँ।”इस जानकारी से भयभीत होकर मरीज के परिजन उसे दूसरे निजी अस्पताल चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल लेकर गए, जहाँ जांच के बाद पता चला कि आलिया खान को केवल सामान्य बुखार था। उपचार के बाद वह पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर घर भी लौट गई।अय्यूब खान ने बताया कि बाद में इस पूरे मामले की जानकारी मरीज के परिवारजनों द्वारा उन्हें दी गई। इसके पश्चात उन्होंने परिवारजनों के साथ जिला अस्पताल दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. मिंज से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी।सिविल सर्जन को इस संबंध में लिखित शिकायत भी सौंपी गई। शिकायत के आधार पर सिविल सर्जन द्वारा दो दिनों के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।अय्यूब खान ने कहा कि संबंधित डॉक्टर पर मरीज को गलत जानकारी देकर गुमराह करने, मरीज व परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा बिना समुचित जांच के रेफर करने के आरोप में तत्काल विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं हुई तो गरीब मरीजों का सरकारी अस्पतालों से भरोसा उठ जाएगा। जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए।सिविल सर्जन से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मो. रफीक, अज्जू वाजिद, श्रीमती रुक्कैया, अनीस अकील चौहान एवं अख्तर चौहान शामिल थे।