बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई: मुख्य फरार आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार, एक और आरोपी दबोचा
दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के स्क्रैप चोरी प्रकरण में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह को उत्तरप्रदेश के देवरिया से गिरफ्तार किया गया है। वहीं जांच के दौरान स्क्रैप चोरी में संलिप्त पाए जाने पर एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापामार कार्रवाई की गई थी। जांच में फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध भंडारण और परिवहन सामने आया था।
कार्रवाई के दौरान लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी समेत कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
मामले में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी संजय सिंह अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। सूचना मिलने पर दुर्ग पुलिस की विशेष टीम उत्तरप्रदेश पहुंची और देवरिया में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध संग्रहण कर आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से यह अपराध किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है और पुलिस रिमांड के दौरान अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।