नियमित भर्ती से लेकर एनपीएस तक, कर्मचारियों की मांगों पर आयुक्त ने की अहम चर्चा

नियमित भर्ती से लेकर एनपीएस तक, कर्मचारियों की मांगों पर आयुक्त ने की अहम चर्चा

दुर्ग/ नगर पालिक निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के चेम्बर में आज स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा एवं महामंत्री अनिल सिंह एवं संघ के पदाधिकारी की मौजूदगी में परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई।इस अवसर पर ईश्वर वर्मा,शशिकान्त यादव,शानू कोठारी,रेखा कुर्रे,हेमलता वर्मा,किरण अग्रवाल सहित यूनियन के पदाधिकारी गण मौजूद रहें। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न एजेंडों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए।बैठक में कर्मचारी संघ पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने से निगम में कर्मचारियों की कमी उत्पन्न हो रही है, जिससे कार्यरत कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है। इस समस्या के समाधान हेतु शासन को अवगत कराते हुए नियमित भर्ती के लिए प्रस्ताव प्रेषित करने की मांग की गई। साथ ही कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने के आधार पर वेतन एवं वार्षिक वेतन वृद्धि रोके जाने की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए ऐसे आदेशों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया गया।बैठक में निगम परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, शासकीय अवकाश के दिनों में कार्य लेने की स्थिति में कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन अथवा प्रतिपूरक अवकाश प्रदान करने तथा तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई।एनपीएस के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों के परिवारों को मृत्यु की स्थिति में उपादान एवं परिवार पेंशन का लाभ समय पर उपलब्ध कराने, एनपीएस/जीपीएस की राशि नियमित रूप से जमा कराने तथा कर्मचारियों के एनपीएस खातों के संधारण एवं जमा राशि की जानकारी शासन स्तर से प्राप्त करने संबंधी मांगें भी प्रमुखता से रखी गईं। आयुक्त ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।