व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजकर ₹4.02 लाख की ठगी, गुजरात से अंतर्राज्यीय गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई/ दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर एक व्यक्ति के मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस हासिल किया और उसके बैंक खाते से ₹4,02,728 की ऑनलाइन ठगी कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-5 भिलाई निवासी संजय झा ने 25 फरवरी 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से APK फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करते ही मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और अन्य संदेश स्वतः दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। इसके बाद उनके बैंक खाते से ₹4.02 लाख से अधिक की राशि निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपियों की लोकेशन गुजरात में मिलने पर भिलाई नगर पुलिस की टीम वहां पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
अच्छे लाल यादव (37 वर्ष), निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली।
जोखन प्रसाद यादव (49 वर्ष), निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली।
पुलिस ने जब्त किए
घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन।
इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य।
अन्य दस्तावेज और सामग्री।