'जन्म से मृत्यु तक हर योजना पंचायत सचिवों के माध्यम से पहुंचती है'— सम्मान समारोह में बोले विधायक ललित चंद्राकर
दुर्ग/ ग्राम पंचायत सचिव संगठन के तत्वावधान में 36 पोर्ट कोलिहापुरी में "पंचायत सचिव पदस्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पंचायत सचिवों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य रूप से शामिल हुए।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि पंचायत सचिव हमारे लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। गांव के विकास, शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने और अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचाने में पंचायत सचिवों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल में सचिवों ने निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है। आज जिन साथियों को सम्मानित किया जा रहा है, उन्होंने अपना पूरा जीवन ग्रामीण विकास के लिए समर्पित किया है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त सचिवों को नमन करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की और कहा कि शासन हमेशा उनके साथ खड़ा है।
वहीं दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पंचायत सचिव गांव और शासन के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक की हर सरकारी योजना आम जनता तक पंचायत सचिवों के माध्यम से ही पहुंचती है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी पंचायत सचिवों ने घर-घर जाकर सेवा की तथा टीकाकरण और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज सेवानिवृत्त हो रहे साथियों का अनुभव नई पीढ़ी के सचिवों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। विधायक ने संगठन से आग्रह किया कि रिटायर सचिवों का सम्मान हर वर्ष किया जाए तथा सभी के स्वस्थ, दीर्घायु और खुशहाल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र पैकरा, जिला अध्यक्ष महेन्द्र साहू, संयोजक कमल वर्मा, सचिव राजेश चटर्जी, जिला सह-संयोजक विजय लहरे, उपसंचालक आकाश सोनी, पशु विभाग जिला अध्यक्ष सुरेश साहू, पाटन जनपद पंचायत के सीईओ महेन्द्र जांगड़े, धमधा के सीईओ किरण कौशिक, ऋचा शर्मा सहित जिले भर के पंचायत सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने पंचायत सचिवों के ग्रामीण विकास और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।