दुर्ग शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में मोहित वालदे, पेश की दावेदारी

दुर्ग शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में मोहित वालदे, पेश की दावेदारी

दुर्ग/छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के तहत दुर्ग शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मोहित वालदे ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा के साथ सक्रिय रूप से जुड़े मोहित वालदे ने संगठन को मजबूत करने और युवाओं की आवाज बुलंद करने के संकल्प के साथ अपनी उम्मीदवारी पेश की है।
मोहित वालदे ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं को केवल भ्रमित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग शहर में अपराध और नशाखोरी लगातार बढ़ रही है, जिससे युवा वर्ग गलत दिशा की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस प्रयासों की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें दुर्ग शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है तो उनकी पहली प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना होगी। साथ ही कौशल विकास, संगठन विस्तार और युवाओं को सामाजिक व राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे, ताकि युवा प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
मोहित वालदे ने अपनी दावेदारी पर विश्वास जताने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं एवं युवा कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। वहीं उनकी उम्मीदवारी को लेकर दुर्ग शहर के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।