नर्सिंग में आधुनिक प्रशिक्षण की पहल, दो दिवसीय सिमुलेशन कार्यशाला का समापन

नर्सिंग में आधुनिक प्रशिक्षण की पहल, दो दिवसीय सिमुलेशन कार्यशाला का समापन

भिलाई। शासकीय नर्सिंग कॉलेज दुर्ग की दो दिवसीय कार्यशाला का समापन सीए भवन सिविक सेंटर में शनिवार 11 जुलाई की शाम हुआ। यहां दो दिन तक ‘सिमुलेशन’आधारित प्रशिक्षण पर व्याख्यान और डेमो (प्रदर्शन) हुए। जिसमें नर्सिंग फैकल्टी और स्टूडेंट ने बड़ी तादाद में भागीदारी दी।  
उल्लेखनीय है कि विद्यांता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट ने नर्सिंग कॉलेज दुर्ग के सहयोग से इंटरनेशनल नर्सिंग एसोसिएशन फॉर क्लिनिकल सिमुलेशन फॉर लर्निंग-इंडिया आरआईजी की यह दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की थी। 
कार्यशाला का समापन सत्र शनिवार को दोपहर बाद आयोजित किया गया। इस दौरान अतिथियों के स्वागत उपरांत अपना स्वागत भाषण देते शासकीय नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रीमा राजेश ने दो दिवसीय आयोजन की विस्तार से जानकारी दी और उम्मीद जताई कि यहां ‘सिमुलेशन’आधारित प्रशिक्षण से नर्सिंग फैकल्टी और स्टूडेंट को बहुत कुछ सीखने मिलेगा। 
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन का आत्मीय स्वागत शासकीय नर्सिंग कॉलेज दुर्ग परिवार की ओर से किया गया। इस दौरान अपने उद्बोधन में विधायक रिकेश सेन ने नर्सिंग के पेशे के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज में व्यक्ति जिन पर सबसे ज्यादा भरोसा करता है उनमें नर्स सर्वोपरि है क्योंकि यह पेशा पूरी तरह सेवा भावना पर आधारित है। इस दौरान उन्होंने ‘सिमुलेशन’आधारित प्रशिक्षण की जानकारी ली तथा डेमो भी देखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तकनीक का इस्तेमाल नर्सिंग स्टूडेंट बेहतर ढंग से कर पाएंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि  पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग भिलाई की प्राचार्य डॉक्टर रोजा प्रिंसी और श्रेया कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य डॉक्टर अभिषेक जेकब ने अपने उद्बोधन में समूची कार्यशाला को एक सफल पहल निरूपित करते हुए उम्मीद जताई कि यहां के प्रशिक्षण का लाभ नर्सेस को भविष्य में जरूर मिलेगा। आयोजन में ‘सिमुलेशन’आधारित प्रशिक्षण की विशेषज्ञ सानिया का शॉल एवं श्रीफल के साथ सम्मान किया गया। समापन सत्र का संचालन सहायक प्राध्यापक एस. इंदु ने किया। अंत में वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. वंदना चौहान ने आभार व्यक्त किया।