दुर्ग में देर रात सनसनी: कुंदरापारा में पीट -पीटकर व्यक्ति की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग/दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंदरापारा में रविवार देर रात एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय स्तर पर गुंडा बदमाश बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, लेखराम कोठारी हाल ही में धारा 151 के तहत कार्रवाई के बाद जेल गया था। जेल से वापस आने के बाद रविवार रात वह कुंदरापारा इलाके में था, जहां कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।