भिलाई में भीषण सड़क हादसा: हाईवा की टक्कर से BSP ठेका कर्मी की मौत, दो युवक जिंदगी की जंग लड़ रहे

भिलाई में भीषण सड़क हादसा: हाईवा की टक्कर से BSP ठेका कर्मी की मौत, दो युवक जिंदगी की जंग लड़ रहे

भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एक ठेका कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान श्याम राव के रूप में हुई है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए।जानकारी के अनुसार श्याम राव अपने दो परिचितों के साथ मरोदा स्थित ससुराल से खुर्सीपार स्थित निवास लौट रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक सेंट्रल एवेन्यू के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्याम राव बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए और हाईवा उन्हें लगभग 50 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है।हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस ने मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जहां शोक का माहौल बन गया।भिलाई नगर थाना पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।