अब डिजिटल होगी एफआईआर, दुर्ग बना प्रदेश का पहला जिला
दुर्ग/दुर्ग पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा जिला बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां पूर्णतः डिजिटल एफआईआर प्रणाली लागू कर दी गई है। जिले के सभी विवेचक अब शत-प्रतिशत ई-साइन (E-Sign) के माध्यम से प्रथम सूचना पत्र (FIR) की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इसी क्रम में थाना भिलाई नगर में पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए E-Pen की सहायता से प्रार्थी का पहला ई-साइन भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसके साथ ही विवेचक और प्रार्थी दोनों के डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से एफआईआर दर्ज करने वाला दुर्ग, छत्तीसगढ़ का पहला जिला बन गया है। यह नई व्यवस्था एफआईआर पंजीयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित, त्वरित, समयबद्ध और पेपरलेस बनाने के साथ-साथ डिजिटल अभिलेखों के प्रभावी संधारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नवाचार एवं डिजिटल प्रणालियों का विस्तार लगातार जारी रहेगा।