प्रधानमंत्री आवास परिसर में असामाजिक तत्वों से परेशान रहवासियों ने महापौर से लगाई गुहार, अलका बाघमार ने एसपी से फोन पर की चर्चा
दुर्ग/10 अगस्त सरस्वती नगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के रहवासियों ने सोमवार को नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार से उनके कक्ष में मुलाकात कर क्षेत्र में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। रहवासियों ने विशेष रूप से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और उससे उत्पन्न हो रही परेशानियों को लेकर अपनी चिंता महापौर के समक्ष रखी।रहवासियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों के कारण आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे लोगों की गतिविधियों से क्षेत्र में रहने वाले परिवारों, महिलाओं एवं बच्चों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। रहवासियों ने महापौर से मांग की कि क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास परिसर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण कायम हो सके।रहवासियों की समस्या सुनने के बाद महापौर अलका बाघमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक एसपी विजय अहवाल से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने एसपी से सरस्वती नगर प्रधानमंत्री आवास क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने का आग्रह किया।महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रहने वाले परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने रहवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाकर जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। महापौर की तत्काल पहल से रहवासियों ने संतोष व्यक्त किया और समस्या के निराकरण के लिए उनका आभार जताया।महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत सामने आती है तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उसके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।