मंगल दीप स्कूल में हरेली की धूम, बच्चों ने पारंपरिक अंदाज में मनाया छत्तीसगढ़ का लोकपर्व

मंगल दीप स्कूल में हरेली की धूम, बच्चों ने पारंपरिक अंदाज में मनाया छत्तीसगढ़ का लोकपर्व


दुर्ग/ मंगल दीप पब्लिक स्कूल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख एवं पारंपरिक लोकपर्व हरेली का आयोजन नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ हर्षोल्लास और उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों की सुंदर झलक प्रस्तुत की। हरेली पर्व के माध्यम से बच्चों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती गायत्री सिंह एवं श्रीमती नीलू सिंह उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं। समाज सेवी श्रीमती नीलू सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ संस्कृति और देशप्रेम की शिक्षा पर जोर
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या शशि प्रभा सिंह ने कहा कि मंगल दीप पब्लिक स्कूल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी सभ्यता, संस्कृति, संस्कार और देशप्रेम से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। विद्यालय में बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।उन्होंने कहा कि विद्यालय को बेहतर ढंग से संचालित करने में सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। शिक्षकों के निरंतर सहयोग और मेहनत से बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की सीख दी जा रही है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिकाओं वंदना इंगले, राजकुमारी साहू, अरुणा सिंह, दीपा मौर्या एवं पूजा सोनी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और विद्यालय परिसर छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं लोकपरंपरा के रंग में रंगा नजर आया।