चंद्रा मौर्या तिराहा मोबाइल झपटमारी कांड का खुलासा, आरोपी अर्जुन नेताम गिरफ्तार
भिलाई/थाना सुपेला क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल झपटमारी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी अर्जुन नेताम, उम्र 30 वर्ष, निवासी कैम्प-01, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रार्थी से छीना गया Realme कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपये है, बरामद कर विधिवत जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 की रात करीब 9:40 बजे प्रार्थी सिद्धार्थ खोब्रागड़े, जो धमधा नाका दुर्ग के पास चश्मे की दुकान लगाते हैं, कैम्प-01 स्थित अपने घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान चंद्रा मौर्या तिराहा के समीप सर्विस रोड पर ओम साईं राम बंगले के पास एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उनका गला दबाने का प्रयास किया। प्रार्थी द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने बलपूर्वक उनके हाथ से Realme कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में प्रार्थी ने 13 अगस्त को थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू करते हुए आरोपी की पहचान और तलाश के लिए संभावित स्थानों पर पतासाजी शुरू की। इसी दौरान 15 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बी.एम. शाह अस्पताल के पास रामनगर मार्केट में मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन नेताम बताया तथा 12 अगस्त की रात राहगीर से मोबाइल छीनने की घटना को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से बरामद Realme मोबाइल फोन की पहचान प्रार्थी के मोबाइल के रूप में होने पर पुलिस ने उसे विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रचलित अपराध में वैधानिक कार्रवाई करते हुए 15 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने रात्रि के समय सुनसान सर्विस रोड पर अकेले जा रहे राहगीर को निशाना बनाया था। उसने पहले गला दबाने का प्रयास किया और विरोध के दौरान मोबाइल बलपूर्वक छीनकर फरार हो गया। बाद में छीने गए मोबाइल को बेचने के लिए ग्राहक तलाशते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि गंगाराम रावत, प्र.आर. प्रकाश चंद तिवारी, आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह एवं अजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रात्रि में आवागमन के दौरान मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।