छत्तीसगढ़ को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में बड़ी जिम्मेदारी, रूपकुमारी चौधरी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तो दीपक महस्के बने सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक

छत्तीसगढ़ को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में बड़ी जिम्मेदारी, रूपकुमारी चौधरी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तो दीपक महस्के बने सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक

रायपुर/भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की चिर प्रतिक्षित नई टीम का आज ऐलान हो गया है. टीम में छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिसमें महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है.

बात करें रूपकुमारी चौधरी की तो छत्तीसगढ़ की महासमुंद लोकसभा सीट से चुनी गईं भारतीय जनता पार्टी की सांसद है. अघरिया समाज से आने वाली रूप कुमारी जमीनी राजनीति की मजबूत पहचान रखती हैं. इससे पहले वे बसना विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं, और लंबे समय तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं.

शुरुआती जीवन और पारिवारिक पृष्ठभूमि

रूपकुमारी चौधरी का जन्म 5 जुलाई 1976 को छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में हुआ. स्वर्गीय क्षेमराज पटेल की संतान रूप कुमारी ने दसवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है. उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ. उनके पति भूमि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में व्यवसाय से जुड़े हैं. रूपकुमारी चौधरी के एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं.

राजनीतिक सफर की शुरुआत

ग्राम हर्राटार, पोस्ट सरायपाली, जिला महासमुंद निवासी रूपकुमारी चौधरी के राजनीति सफर की शुरुआत 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के साथ हुई। रूपकुमारी चौधरी ने 2013 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधायक बनीं.

दीपक महस्के

शिक्षक बनने से लेकर सोशल मीडिया तक का सफर

नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले दूसरे शख्स दीपक महस्के वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष हैं. इनकी पार्टी के भीतर पहचान संगठनात्मक रणनीतिकार, आईटी/सोशल मीडिया और मीडिया क्षेत्र में सक्रिय नेता के तौर पर है.

संगठन से शुरुआत और IT सेल की भूमिका

दीपक महस्के की भाजपा में प्रमुख पहचान आईटी सेल और डिजिटल संगठन से बनी. वर्ष 2014 में वे छत्तीसगढ़ भाजपा के आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के तौर पर पार्टी के चुनावी अभियान में सोशल मीडिया और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर सक्रिय थे. उस समय भाजपा ने चुनावी समन्वय के लिए हाईटेक कॉल सेंटर और ऑडियो-ब्रिज जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया था.

2018 में भी वे भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के रूप में पार्टी के सोशल मीडिया वॉलंटियर नेटवर्क को मजबूत करने की कवायद में प्रमुख भूमिका में थे. पार्टी ने सोशल मीडिया समर्थकों को प्रशिक्षण देने और क्षेत्रवार व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से संगठन से जोड़ने की योजना बनाई थी.

आक्रामक राजनीतिक वक्ता की छवि

प्रदेश प्रवक्ता के रूप में महस्के ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ कई राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा का पक्ष रखा. फरवरी 2023 में उन्होंने नगरीय निकायों में निर्माण नियमितीकरण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया था. इस दौर में उनकी भूमिका मुख्यतः भाजपा के राजनीतिक नैरेटिव को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से रखने वाले प्रवक्ता की रही.