पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर स्कूली बच्चों को बांटे निःशुल्क जूते, अय्यूब खान ने सेवा दिवस के रूप में मनाया जन्मदिन

दुर्ग/ पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान द्वारा जरूरतमंद स्कूली बच्चों के लिए सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शासकीय स्कूल में अध्ययनरत छोटे-छोटे बच्चों को निःशुल्क स्कूली जूतों का वितरण किया गया। जूते पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर अय्यूब खान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान गरीब, किसान, मजदूर और विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की थीं। उनके कार्यकाल में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम एवं उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूलों की स्थापना और विस्तार किया गया, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए इन प्रयासों को आज भी लोग याद करते हैं और जरूरतमंद बच्चों की मदद करना उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का एक छोटा सा प्रयास है।
अय्यूब खान ने कहा कि इस वर्ष भूपेश बघेल के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जरूरतमंद स्कूली बच्चों के बीच जूते वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बननी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करनी चाहिए, ताकि वे पूरे आत्मविश्वास के साथ स्कूल जाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनकी जरूरत के समय सहयोग करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। निःशुल्क स्कूली जूते मिलने पर बच्चों ने खुशी जाहिर की। उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों ने अय्यूब खान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने से उन्हें काफी सहयोग मिलता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व पार्षद प्रकाश जोशी, दुर्ग जिला कांग्रेस महासचिव जसवंत गायकवाड, जिला कांग्रेस सचिव अभिषेक जांगड़े, संदीप बख्शी महामंत्री खेल प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़, वार्ड अध्यक्ष रफीक खान, ब्लॉक महामंत्री शहंशाह आलम, पुरुषोत्तम सोनवानी, रवि शर्मा, मनदीप सिंह सहित कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्कूल के शिक्षकगण, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।