सावन सोमवार पर भक्ति में डूबा सिंधिया नगर, रुद्राभिषेक के साथ वृद्धजनों व कामकाजी दीदियों को बांटे सावन उपहार
दुर्ग/ सिंधिया नगर में सावन के पावन अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतिम सावन सोमवार का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूजा-पाठ, भजन-संगीत एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया। साथ ही वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों एवं क्षेत्र में कार्य करने वाली दीदियों को सावन के उपहार भेंट कर उनके साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं।आयोजन के दौरान पूरा वातावरण भगवान भोलेनाथ के जयकारों एवं भक्ति गीतों से भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजक नीलू संजय सिंह ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और सेवा का पर्व है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतिम सावन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि हर त्योहार को समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर मनाने और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने की परंपरा को आगे बढ़ाना ही आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर सवा लाख शिवलिंग बनाकर रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया जाता है।उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों में भक्ति, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है। सिंधिया नगर में हर त्योहार को इसी भावना के साथ उत्साहपूर्वक मनाने की परंपरा आगे भी जारी रहेगी।