स्कूल के कमरे में शराब की बोतल के साथ दिखा सहायक शिक्षक, VIDEO वायरल; शिक्षा विभाग ने जारी किया शो कॉज नोटिस

स्कूल के कमरे में शराब की बोतल के साथ दिखा सहायक शिक्षक, VIDEO वायरल; शिक्षा विभाग ने जारी किया शो कॉज नोटिस

गरियाबंद/मैनपुर /  जिले के मैनपुर विकासखंड के अंदरूनी इलाके से स्कूल व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। कमारपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार का कथित तौर पर स्कूल के अंदर शराब पीते हुए VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी किया है।

स्कूल के कमरे में शराब की बोतल दिखी

पूरा मामला मैनपुर के भाटापानी के आश्रित ग्राम कमारपारा प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल VIDEO में स्कूल के कमरे के भीतर सहायक शिक्षक सतीश कुमार नजर आ रहे हैं। VIDEO में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है। वीडियो के आधार पर शिक्षक के नशे में होने का दावा किया जा रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और शिक्षा विभाग तक इसकी जानकारी पहुंची। इसके बाद BEO की ओर से सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

दो महीने पहले भी सामने आया था ऐसा मामला

मैनपुर ब्लॉक में स्कूल परिसर में शराबखोरी का यह पहला मामला नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी ब्लॉक के एक स्कूल के कमरे में शराब पार्टी का VIDEO सामने आया था। उस मामले में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

अब दोबारा स्कूल के भीतर शराबखोरी से जुड़ा VIDEO सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण और अभिभावक भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अंदरूनी इलाकों में निगरानी पर सवाल

मैनपुर क्षेत्र के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की निगरानी आखिर कितनी प्रभावी है?

फिलहाल शो कॉज नोटिस के बाद शिक्षक के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।