32 बंगला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध पिस्टल-कारतूस के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

32 बंगला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध  पिस्टल-कारतूस के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ थाना भिलाईनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 32 बंगला चौक के पास रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को अवैध पिस्टल एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और दो पिस्टल कारतूस बरामद किए हैं। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 1 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 04 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में तीन व्यक्ति अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी में सूरज ताण्डी (29), निवासी 32 बंगला उड़िया बस्ती, भिलाईनगर के कब्जे से एक पिस्टल तथा दीपक दास उर्फ सिब्बु (26) और महेश ताण्डी (23), दोनों निवासी रायपुर नाका उड़िया बस्ती, थाना पद्मनाभपुर, जिला-दुर्ग के कब्जे से एक-एक पिस्टल कारतूस बरामद हुआ।
हथियार एवं कारतूस रखने के संबंध में वैध लाइसेंस व दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए 04 सितंबर को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में बरामद हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। कार्रवाई में थाना भिलाईनगर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, कब्जे या उपयोग से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।