चरित्र पर संदेह और घरेलू विवाद बना नवविवाहिता की मौत की वजह, पति गिरफ्तार
दुर्ग/धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्या जनित बताए जाने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में सामने आया कि घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार 20 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। इस दौरान उसके सिर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम के बाद चिकित्सक की शॉर्ट रिपोर्ट में मृत्यु को होमिसाइडल बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू की।
जांच के दौरान मृतिका के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद होता था और पति पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। बाद में अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना को लेकर जामुल थाने में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11.30 बजे के बीच दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान त्रिलोक ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर हाथ-मुक्के से मारपीट की और गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मामले को सामान्य मृत्यु का रूप देने के लिए आरोपी उसे पूर्व बीमारी का हवाला देकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है। आरोपी ग्राम अगर, थाना धमधा क्षेत्र का निवासी है।