मूसलाधार बारिश के बीच नहीं थमा आस्था का सैलाब, 51 पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच बप्पा को दी विदाई
दुर्ग। श्री दक्षिण कौसल गणेश उत्सव समिति द्वारा अनंत चतुर्दशी के अवसर पर पद्मनाभपुर स्थित रामेश्वर धाम के भव्य पंडाल में भगवान गणपति का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान मूसलाधार बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बप्पा की विदाई में शामिल हुए।
भगवान गणेश की विदाई के अवसर पर 51 पंडितों द्वारा मंगलमय मंत्रोच्चारण किया गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय श्याम बैंड, जबलपुर की मनमोहक धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंत्रोच्चारण और बैंड की धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।
मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालु बप्पा की विदाई के लिए डटे रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों ने श्रद्धा एवं विश्वास के साथ “गणपति बप्पा मोरया, अगले वर्ष तू फिर आ” के जयघोष लगाए।
श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि भगवान गणपति अगले वर्ष पुनः पधारेंगे और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आएंगे। भक्तिमय माहौल और जयघोष के बीच गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई।