नवरात्रि के लिए दिन-रात माता की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे थनोद के मूर्तिकार, पद्मनाभपुर के जनता मार्केट में 32वें वर्ष जगन्नाथ मंदिर पुरी की थीम पर सजेगा आकर्षक पंडाल
दुर्ग/ 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रि को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने के लिए मूर्तिकार दिन-रात जुटे हुए हैं। प्रतिमाओं में की जा रही बारीक नक्काशी और जीवंत रंगाई उन्हें आकर्षक रूप दे रही है।थनोद के मूर्तिकार रामा चक्रवर्ती ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी थनोद की दुर्गा प्रतिमाओं की खास मांग है। इस वर्ष 40 से अधिक पंडालों के लिए लगभग 1500 मूर्तियां बनाई जा रही हैं। नवरात्रि को देखते हुए मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगातार जुटे हुए हैं।पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने बताया कि पद्मनाभपुर के जनता मार्केट में समिति द्वारा इस वर्ष 32वां नवरात्रि आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस बार पंडाल को जगन्नाथ मंदिर पुरी की थीम पर सजाया जाएगा, जिसमें मां दुर्गा विराजमान होंगी।नवरात्रि को लेकर शहर में पंडालों की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। वहीं थनोद के मूर्तिकारों द्वारा तैयार की जा रही दुर्गा प्रतिमाएं भी अब अपने अंतिम स्वरूप में नजर आने लगी हैं।